रायपुर। राजधानी में डिलीवरी बॉय को जानबूझकर बाइक से टक्कर मारकर मारपीट करने और नकदी सहित सोने की अंगूठी लूटने के मामले में आमानाका पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी हबीब खान स्वीगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 10 नवंबर 2026 को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना पार्सल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान दोपहर में डुमर तालाब के पास बाइक सवार दो युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। इससे वह वाहन सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद दोनों युवक उससे पैसे मांगने लगे। विरोध करने पर एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे पर्स से पांच हजार रुपये नकद तथा हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी:

  • दुष्यंत साहू (22), पिता ललित साहू, निवासी डुमर तालाब, पुराना आमानाका, थाना आमानाका, रायपुर।
  • शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू (21), पिता हेमंत नागवंशी, निवासी तिवारी कॉलोनी, डुमर तालाब, पुराना आमानाका, थाना आमानाका, रायपुर।
    पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।