रायपुर। राजधानी रायपुर के लाखेनगर चौक में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। लोहे की वस्तु से सीने पर वार किए जाने से गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आजाद चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को थाना आजाद चौक क्षेत्र के लाखेनगर चौक में शेख नाजिर (41), निवासी ईदगाह भाठा, का मोहम्मद यूनुस (25), निवासी ईदगाह भाठा, के साथ विवाद हुआ। विवाद के दौरान शेख नाजिर ने मोहम्मद यूनुस के सीने पर लोहे की वस्तु से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल यूनुस को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसकी पतासाजी की और शीघ्र गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी शेख नाजिर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है
