रायपुर। श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में परम पूज्य मुनि श्री आगम सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अंतर्गत धार्मिक अनुष्ठान निरंतर जारी हैं। शुक्रवार को भगवान की बेदी के समक्ष भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। वहीं मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज के प्रवचन से धर्मसभा भवन आध्यात्मिक संदेशों से गूंज उठा। आगामी 9 नवंबर को भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक महापर्व भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
वर्षायोग समिति के अध्यक्ष श्री संजय जैन नायक एवं सचिव श्री राजेश रज्जन जैन ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे मूलनायक भगवान को पांडुक शिला पर विराजमान कर अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। शांतिधारा करने का सौभाग्य कोटा निवासी जयप्रकाश जैन एवं रजत जैन सभद्रा परिवार को प्राप्त हुआ।
आत्मकल्याण के लिए मोह का त्याग जरूरीमुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज ने धार्मिक कक्षा में ग्रंथराज ‘इष्टोपदेश’ का भावपूर्ण अध्ययन कराया। उन्होंने कहा कि शरीर नश्वर है, जबकि आत्मा अमर है। मनुष्य को शरीर को आत्मा मानने के भ्रम से बाहर निकलकर आत्मकल्याण के मार्ग पर चलना चाहिए। भौतिक धन की अपेक्षा ज्ञान रूपी धन श्रेष्ठ है, क्योंकि वास्तविक ज्ञान ही आत्मा के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
मुनि श्री ने कहा कि प्रत्येक जीव को अपने कर्म स्वयं करने पड़ते हैं और उनके फल भी स्वयं ही भोगने पड़ते हैं। संसार में संबंध और साथ अस्थायी हैं। वृक्ष पर बैठने वाले पक्षियों की तरह मनुष्य भी इस संसार में कुछ समय के लिए आता है और अंततः चला जाता है। इसलिए मोह कम कर आत्मकल्याण के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अधिक सहनशीलता रखता है, वह आध्यात्मिक रूप से उतना ही ऊंचा उठता है।
श्रद्धालु परिवारों ने किया आहार दान
सुक्रवार को मुनि श्री आगम सागर जी महाराज को टैगोर नगर निवासी जीवन लाल जैन, चंद्रवती जैन, पुष्पेंद्र जैन, रोहिता जैन, अपराजिता जैन एवं ईशान जैन परिवार ने आहार दान किया। मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज को मालवीय रोड निवासी शालिनी प्रभात जैन ने आहार दिया। एलक श्री धैर्य सागर जी महाराज को जैन बाड़ा निवासी सरिता जैन, सपना जैन एवं रेखा जैन ने तथा एलक श्री स्वागत सागर जी महाराज को मंदिर कार्यालय के सामने निवासी पुष्पादेवी बंशीलाल जैन ने नवधा भक्ति के साथ आहार दान किया।
9 नवंबर को निर्वाण लाडू एवं कलश निष्ठापन महोत्सव
समयोपदेश वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज रायपुर द्वारा 9 नवंबर, सोमवार को भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक महापर्व पर बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में भव्य धार्मिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम सुबह 7 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा से प्रारंभ होगा। इसके बाद भगवान महावीर स्वामी की विशेष अष्टद्रव्य पूजन, संगीतमय अर्घ्य समर्पण एवं निर्वाण लाडू समर्पण किया जाएगा। वर्षायोग 2026 के पावन कलशों का विधिवत निष्ठापन भी होगा। इस दौरान फूलमाला, आरती एवं अन्य मांगलिक क्रियाओं की बोलियां मुनि श्री आगम सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में संपन्न होंगी।
वर्षायोग समिति एवं मंदिर प्रबंधकारिणी ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से 9 नवंबर को सुबह 7 बजे उपस्थित होकर महोत्सव में सहभागी बनने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।