रायपुर, 5 नवंबर। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जब-जब देश के लोकतंत्र और संविधान पर संकट आया है, भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर मुकाबला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद विपक्ष अब अराजकता और भीड़तंत्र के जरिए लोकतंत्र का अपहरण करने की कोशिश कर रहा है। लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर चोट करने के किसी भी प्रयास का भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
गुरुवार को राजधानी रायपुर में भाजपा जिला इकाई द्वारा सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक आयोजित विशाल ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में जब भी तानाशाही थोपी गई या आपातकाल के जरिए जनता के अधिकार छीने गए, तब जनसंघ और भाजपा ने खुलकर विरोध किया। आज जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है तथा देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें जनसेवा में जुटी हैं।
कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर उठाए सवाल
बृजमोहन अग्रवाल ने विपक्ष के दोहरे चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना में कांग्रेस की जीत के बाद लोकतंत्र सुरक्षित माना जाता है और ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन जब जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों पर विश्वास जताती है, तब लोकतंत्र खतरे में दिखाई देने लगता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं के जीवन में आर्थिक समृद्धि आ रही है और मोदी की गारंटियों को साय सरकार तेजी से धरातल पर उतार रही है।
कांग्रेस की राजनीति से व्यापारियों को नुकसान का आरोप
सांसद अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की राजधानी दिल्ली से लेकर विभिन्न राज्यों तक अशांति और उपद्रव के जरिए विकास को बाधित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गैर-जिम्मेदाराना रवैये और अव्यवस्था के कारण दिल्ली के व्यापारियों को एक दिन की रैली में करीब 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
उन्होंने भाजपा के आंदोलन को अनुशासित बताते हुए कहा कि रायपुर में पदयात्रा सुभाष स्टेडियम से घड़ी चौक तक पूरी अनुशासन व्यवस्था के साथ निकाली गई, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। भाजपा कार्यकर्ता जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हैं और जनसेवा एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर किसी भी प्रकार की चोट का भाजपा सड़क पर उतरकर डटकर मुकाबला करेगी।
पदयात्रा एवं जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, अखिलेश सोनी और रायपुर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
