रायपुर, 5 नवंबर। दीवाली से पहले राजधानी में अवैध हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले युवक को सरस्वती नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि डुमर तालाब रोड के पास कुकुरबेड़ा में एक युवक हाथ में अवैध देशी कट्टा लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त मानसी नानाभाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप बसोर (23), पिता पंचम लाल, निवासी ग्राम बहरैचा, वार्ड क्रमांक 07, मंदिर के पास, सोनौरी, रीवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में केडिया बिजनेस पार्क, टाटीबंध, थाना आमानाका, रायपुर में रह रहा था।
त्योहारी सीजन में अवैध हथियारों पर पुलिस की नजर
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रमेशचंद्र यादव, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह तथा आरक्षक राम कुमार वर्मा एवं नरेंद्र साहू का सराहनीय योगदान रहा।
रायपुर पुलिस ने अपील की है कि त्योहारी सीजन में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन कर भय एवं दहशत फैलाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है।
