रायपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ रायपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आजाद चौक थाना क्षेत्र के बजरंग नगर स्थित ए टू जेड कॉस्मेटिक दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर बिक्री करने वाले दुकान संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को सूचना मिली थी कि बजरंग नगर स्थित ए टू जेड कॉस्मेटिक दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर बिक्री के लिए रखा गया है। सूचना पर डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया, अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा एवं एसीपी आजाद चौक मानसी नानाभाउ साकोरे के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना धुरंधर के नेतृत्व में आजाद चौक पुलिस और नगर निगम जोन क्रमांक 7 की संयुक्त टीम ने दुकान में दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान में विभिन्न प्रकार के पटाखों का अवैध भंडारण पाया गया। दुकान संचालक रूपेश ठाकुर से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री संबंधी वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पटाखे जब्त कर लिए।
जब्त पटाखों में फुलझड़ी, अनारदाना, चकरी, चुटफुट लाल दाना, ताज, तोता बत्ती, रस्सी पटाखा, नाम गोली, लाल दाना पटाखा, स्काई शॉट पटाखा तथा पटाखे फोड़ने वाली बंदूक शामिल हैं। मामले में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 281/26 के तहत धारा 287 बीएनएस एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख)(1)(क) में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी: रूपेश ठाकुर (41), पिता धनीराम ठाकुर, निवासी बजरंग नगर, थाना आजाद चौक, रायपुर।
