रायपुर। त्योहारी सीजन में शहर के प्रमुख बाजारों में सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, नो-पार्किंग और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ ई-चालान एवं क्रेन से जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव सहित शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को तत्काल हटवाकर आवागमन सुचारू बनाया जा रहा है।
100 से अधिक वाहनों पर क्रेन की कार्रवाईबाजार क्षेत्रों में नो-पार्किंग जोन और मार्ग अवरुद्ध कर खड़े किए गए वाहनों के विरुद्ध सख्ती बरती जा रही है। ऐसे वाहनों पर ई-चालान करने के साथ क्रेन की मदद से जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन से हटाया जा चुका है।
ड्रोन से बाजारों की निगरानी यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रमुख बाजार क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों के माध्यम से एरियल निगरानी की जा रही है। पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़कों पर बनी व्हाइट लाइन के भीतर ही पार्किंग करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों और संकरे मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचें। पुलिस ने नागरिकों से शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
