रायपुर, 25 अक्टूबर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास से मध्यप्रदेश के भोपाल निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा रखने में इस्तेमाल किए गए दो बैग भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित पानी टंकी के पास दो व्यक्ति नीले-काले रंग के बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर टिकरापारा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके बैग से खाकी टेप में लिपटा कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम बेग (42 वर्ष) और फम्मू फहीम बेग (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के गौतम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोला रोड स्थित राजगढ़ कॉलोनी के निवासी हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 994/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 नवंबर 2026 तक रिमांड पर लिया गया है। जब्ती की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त, न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने और गांजा जब्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।