रायपुर, 25 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 25 से 29 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों के लिए मौसम आधारित कृषि सलाह जारी की है। किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 25 अक्टूबर को बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। 28 और 29 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को धान, दलहन और तिलहन की कटाई दो से चार दिन रोकने, कटी फसल सुरक्षित स्थान पर रखने तथा खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है। सब्जियों, केले के पौधों और फलदार वृक्षों को सहारा देने के साथ पशुओं को सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर रखने की अपील की गई है। किसानों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और बारिश के दौरान कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है।