रायपुर, 25 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कांग्रेस की संस्कारहीन राजनीति और गिरती राजनीतिक सोच का प्रमाण बताते हुए खड़गे से देश की जनता के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस के वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस स्तर तक उतर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी अपनी मर्यादा होती है, लेकिन कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाओं को भी लांघने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की अभद्र टिप्पणियां कांग्रेस की गिरी हुई सोच और संस्कारहीन राजनीति को दर्शाती हैं।
साय ने कहा कि जनता कांग्रेस की ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, तब-तब जनता ने उसे लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी और न ही स्वीकार करेगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अपनी टिप्पणी के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
