रायपुर, 14 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण में महानदी तट पर आयोजित चित्रोत्पला गंगा महाआरती में धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ शामिल हुए। उन्होंने महाआरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महानदी छत्तीसगढ़ की गंगा मैया है। यह केवल जीवनदायिनी नदी नहीं, बल्कि प्रदेश की आस्था, संस्कृति और सभ्यता की अविरल धारा है। उन्होंने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वर्षा जल की एक-एक बूंद सहेजना जरूरी है। तालाबों, कुओं और नदियों सहित सभी जल स्रोतों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जल संचय-जनभागीदारी अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और भूजल पुनर्भरण के उपाय अपनाने पर जोर दिया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी नदियों को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने की अपील की। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि शिवरीनारायण की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
