रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पर्व के तहत छत्तीसगढ़ से वाराणसी और वडनगर गए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी और जन्मभूमि वडनगर पहुंचकर सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। उन्होंने स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि युवा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल और उनकी तपस्या से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा भी आयोजित की गई। इस यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों की उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराया।
कार्यकर्ताओं की सेवा भावना सराहनीय : कर्मवीर सिंह
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी और वडनगर में सेवा गतिविधियों के माध्यम से सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विकसित भारत के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत हैं, जो प्रधानमंत्री के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आत्मसात कर निरंतर काम कर रहे हैं। युवाओं की यही सेवा भावना वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
सम्मान कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कण्डेय, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, अभियान प्रभारी जगदीश (रामू) रोहरा, बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी वैभव बैस, प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।