रायपुर/आरंग, 8 अक्टूबर 2026। थाना आरंग क्षेत्र के ग्राम बीर बीरा में गुरुवार को एक मकान में वृद्ध पति-पत्नी की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी आस बाती (62 वर्ष), निवासी ग्राम बीर बीरा के रूप में हुई है। दोनों के शव उनके मकान में मिले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों की हत्या किसी नुकीली एवं धारदार वस्तु से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पृथक रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।