रायपुर। शहर के व्यस्ततम एमजी रोड स्थित रात्रि चौपाटी में बेतरतीब और अवैध पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान शुरू किया है। चौपाटी में आने वाले लोगों द्वारा सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े किए जाने से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को जाम की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर यातायात पुलिस ने मार्ग को जाममुक्त और व्यवस्थित रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। नो-पार्किंग और अव्यवस्थित तरीके से खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन से उठाया जाएगा, जबकि चारपहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
पहले माइक से चेतावनी, फिर कार्रवाई
यातायात पुलिस की टीम कार्रवाई से पहले लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से वाहन चालकों को वाहन हटाने की चेतावनी देगी। इसके बावजूद वाहन नहीं हटाने या यातायात नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और आवश्यकतानुसार वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने चौपाटी आने वाले नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस ने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग से यातायात सुचारू रहेगा और स्टेशन सहित आसपास के मार्गों पर आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
