अम्बिकापुर/रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने द्विसाप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की, उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। सेवा की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त फेरा शुरू होने से पूरे सरगुजा संभाग के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण कई यात्रियों को यात्रा के लिए पर्याप्त विकल्प नहीं मिल पाता था। अब अतिरिक्त सेवा शुरू होने से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी।
उन्होंने बताया कि पहले दिन भी यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह देखने को मिला। रायगढ़, जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने पहुंचे। सांसद ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार जताया।
यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई आवृत्ति
बिलासपुर मंडल के डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों द्वारा दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग लगातार की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे अम्बिकापुर के साथ-साथ मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
अम्बिकापुर स्टेशन का भी होगा विस्तार
डीआरएम रंजन ने बताया कि अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार का काम जारी है। स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। इसके साथ रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी कराया जा रहा है। कोचिंग सुविधाओं में सुधार का कार्य भी चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ
अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा नगरवासियों सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
