रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में प्रदेशवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके अलावा करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, आंगन मिलन, सेवा शिविर और नवाचार प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के माध्यम से बदलते बस्तर को देश के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा।
सीएम साय ने कहा कि भाजपा अंत्योदय के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है और यह अभियान जनभागीदारी को मजबूत करने का अवसर है। प्रेसवार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
