रायपुर, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि बच्चों को संस्कार और सही दिशा देकर समाज एवं राष्ट्र के भविष्य की नींव तैयार करते हैं। मुख्यमंत्री रविवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। आर्थिक परिस्थितियां प्रतिभावान विद्यार्थियों की राह में बाधा न बनें, इसके लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना जरूरी है।
बेमेतरा को दो सौगात
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की स्वीकृति तथा ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी लगातार काम कर रही है।
समारोह में “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण के उल्लेखनीय कार्यों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को सम्मानित किया गया। साथ ही “शिक्षक स्मृति” पत्रिका का विमोचन किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माता हैं। मंत्री दयाल दास बघेल ने शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जरूरी बताया। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।