रायपुर। रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की मॉनिटरिंग में की।
पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साईं नगर स्थित पॉम रेसिडेंसी खंडहर में कुछ लोग हेरोइन रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान आयुष दुबे (28), अदनान खान (22) और अब्दुल रेहान (19) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6.33 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 13 हजार रुपए नकद, चार आईफोन/मोबाइल फोन और एक मोपेड बरामद की गई। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी और पते
आयुष दुबे, पिता संजय दुबे, उम्र 28 वर्ष, निवासी पंचशील नगर, जी-25, थाना सिविल लाइन, रायपुर।
अदनान खान, पिता कमर खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी नूरजहां होटल के पास, चिनार टेलर्स के सामने, बैजनाथ पारा, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर।
अब्दुल रेहान, पिता अब्दुल हफीज, उम्र 19 वर्ष, निवासी धोबी गली, बैजनाथ पारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर।
