रायपुर। गणेशोत्सव और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर पुलिस के पश्चिम क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चाकूबाजी, मादक पदार्थ, अवैध हथियार, शराब और प्रतिबंधात्मक गतिविधियों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक अभियान में विभिन्न धाराओं के तहत 132 लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिनसन गुड़िया (भापुसे) और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम क्षेत्र के निर्देशन में यह अभियान पश्चिम क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।
अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा लंबित गिरफ्तारी वारंटों की तामिली भी की गई।
थाना-वार कार्रवाई के तहत टिकरापारा में आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण, धारा 170 बीएनएसएस के 14 और एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में कार्रवाई हुई। सरस्वती नगर में आर्म्स एक्ट के एक, धारा 170 बीएनएसएस के पांच, एनडीपीएस एक्ट के दो तथा धारा 129 बीएनएसएस के पांच मामलों में कार्रवाई की गई।
पुरानी बस्ती में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के एक प्रकरण के साथ धारा 170 बीएनएसएस के 13 और धारा 129 बीएनएसएस के पांच मामलों में कार्रवाई हुई। कबीर नगर में धारा 129 बीएनएसएस के पांच मामलों, चार गिरफ्तारी वारंटों तथा कोटपा एक्ट के तहत 212 मामलों में कार्रवाई की गई।
डीडी नगर में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के चार, आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण, धारा 170 बीएनएसएस के नौ तथा धारा 129 बीएनएसएस के पांच मामलों में कार्रवाई हुई। मुजगहन में आर्म्स एक्ट के दो प्रकरण, धारा 170 बीएनएसएस के दो और धारा 129 बीएनएसएस के चार मामलों में कार्रवाई की गई।
आजाद चौक में धारा 170 बीएनएसएस के छह, आर्म्स एक्ट के एक और धारा 129 बीएनएसएस के दो मामलों में कार्रवाई हुई। न्यू राजेंद्र नगर में आबकारी एक्ट के तीन प्रकरण, धारा 170 बीएनएसएस के 15, एनडीपीएस एक्ट के एक तथा धारा 129 बीएनएसएस के चार मामलों में कार्रवाई की गई। आमानाका पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के 11 और धारा 129 बीएनएसएस के एक मामले में कार्रवाई की।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।