रायपुर, 10 सितंबर 2026। देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित इशवा लग्जरी स्पॉ सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर संचालक और मैनेजर के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, स्पॉ सेंटर में अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराए जाने की शिकायत और जानकारी सामने आई थी।
पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र और सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन के निर्देशन में एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की टीम ने 10 सितंबर को स्पॉ सेंटर में रेड की।
आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा
चेकिंग के दौरान पुलिस को स्पॉ सेंटर से आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की बात सामने आई। पूछताछ में स्पॉ सेंटर में काम करने वाली युवतियों ने पुलिस को बताया कि संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 द्वारा कथित तौर पर उनसे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस के अनुसार, युवतियों को दूसरे राज्यों से बुलाया जाता था।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है। उनके विरुद्ध अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
