रायपुर, 10 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर इलाज की नई उम्मीद मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उनसे दूरभाष पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया। फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। मुख्यमंत्री ने शशिकांत के उपचार के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
2016 के हादसे के बाद से प्रभावित है स्वास्थ्य
शशिकांत वर्ष 2016 में हुए सड़क हादसे के बाद से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। हादसे के बाद सर्वाइकल की समस्या के चलते उनके हाथ-पांव की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद जताया आभार
मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत और तत्काल मिली चिकित्सकीय सहायता के बाद शशिकांत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेना, एम्स रायपुर में उपचार की व्यवस्था कराना और 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करना उनके और उनके परिवार के लिए बड़ा संबल है।
शशिकांत के एम्स में भर्ती होने और उपचार शुरू होने से उनके परिवार में भी बेहतर स्वास्थ्य लाभ की उम्मीद जगी है।
