दिनांक 14 अगस्त 2026 को होटल बंसल पैराडाइज, झूलेलाल चौक के पास, थाना गंज क्षेत्र, रायपुर के तृतीय तल स्थित कमरे में एक युवक एवं युवती ठहरे हुए थे जहां कमरे में किसी बात पर युवक द्वारा युवती पर प्राणघातक हमला कर युवती की हत्या कारित की गई है।
युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज, उम्र 26 वर्ष, पिता राजेंद्र प्रसाद भारद्वाज, निवासी दशवंतपुर गोसाईंपुर, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तथा युवती की पहचान रिमन मंडावी, निवासी तारमटोला जिला मोहला-मानपुर, थाना अम्बागढ़ चौकी क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों द्वारा होटल में अपने पहचान पत्र प्रस्तुत कर आज क्रमशः सुबह और दोपहर में चेक-इन किया गया था।
दोपहर लगभग 3:00 से 3:15 बजे के बीच होटल स्टाफ द्वारा तृतीय तल स्थित कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाज सुनी गई। होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और खिड़की तोड़कर अंदर देखने पर युवक को अपने गले पर चाकू से वार करते हुए देखा गया। सूचना तत्काल थाना गंज को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना गंज प्रभारी एवं पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर युवती लहूलुहान एवं अचेत अवस्था में तथा युवक भी लहूलुहान एवं अचेत अवस्था में मिला। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया। युवक को ऑपरेट किया गया जो वर्तमान में जीवित है।
घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों के कथन एवं सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर युवक किशन कुमार भारद्वाज के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
आरोपी युवक किशन कुमार भारद्वाज द्वारा स्वयं को पहुंचाई गई चोट के कारण वह भी गंभीर रूप से घायल है तथा वर्तमान में उसका मेकाहारा अस्पताल में उपचार जारी है।
मृत युवती रीमन मंडावी लाभांडी स्थित कृषि विश्वविद्यालय में एमएससी (एक्सटेंशन) प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आरोपी युवक किशन कुमार भारद्वाज वर्तमान में सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी कर रहा है। घटना की सूचना मृत युवती एवं आरोपी युवक, दोनों के परिजनों को दे दी गई है।
घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। प्रकरण में सभी आवश्यक वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।