रायपुर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने की दिशा में डीसीपी ट्रैफिक डॉ अर्चना झा के निर्देशन में यातायात पुलिस,कमिश्नरेट रायपुर द्वारा एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साइंस सेंटर तिराहा में आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली प्रारंभ कर दी गई है।
साइंस सेंटर तिराहा राजधानी के प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त चौराहों में से एक है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया, सार्वजनिक परिवहन, स्कूली वाहनों का आवागमन होता है। व्यस्त समय में यहां वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने से कई बार यातायात धीमा पड़ जाता था तथा जाम की स्थिति निर्मित होती थी।
नव स्थापित ट्रैफिक सिग्नल के संचालन से अब चौराहे पर वाहनों की आवाजाही वैज्ञानिक एवं चरणबद्ध तरीके से होगी, जिससे यातायात का बेहतर संचालन सुनिश्चित होगा। इससे अनावश्यक प्रतीक्षा समय कम होगा, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी तथा पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी।
यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील है कि—
ट्रैफिक सिग्नल का अनिवार्य रूप से पालन करें।
रेड सिग्नल पर स्टॉप लाइन के पीछे ही वाहन रोकें।
लेन अनुशासन बनाए रखें एवं अनावश्यक लेन परिवर्तन से बचें।
बिना आवश्यकता हॉर्न का प्रयोग न करें।
यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था में अपना सहयोग प्रदान करें
यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर नागरिकों के सहयोग से राजधानी को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जाम मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। साइंस सेंटर तिराहा में ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी और शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनेगी।