रायपुर।श्री विठ्ठल संप्रदाय वृहद समाज महासभा रजिस्टर्ड (भारत) की राष्ट्रीय संगोष्ठी, संगठन विस्तार एवं साधारण सभा का आयोजन समता कॉलोनी स्थित श्री रामनाथ भीमसेन भवन के सभागार में किया गया। संस्थापक एवं संरक्षक योगाचार्य के.एल. नामदेव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और मातृशक्ति ने भाग लिया। संगोष्ठी में समाज के सभी घटकों एवं खापों को एक मंच पर लाने तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री विठ्ठल एवं विभिन्न घटकों के आराध्य देवों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और महाआरती के साथ हुआ। विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वरों, जिनमें किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर भी शामिल रहे, ने समाज की एकता और सकारात्मक सोच के साथ किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता की कामना की।
राष्ट्रीय महामंत्री धर्मेश नामदेव और नामदेव कॉलेज के प्रोफेसर एवं आकाशवाणी उद्घोषिका जया नामदेव ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश वर्मा ने संगठन के विस्तार और समाज को एकजुट करने की दिशा में अपने विचार रखे।
नागपुर से पहुंचे संत नामदेव राष्ट्रीय एकात्मक समिति के मुख्य संयोजक एवं नामदेव एकात्मक महाराष्ट्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष ईश्वर नामदेव राव धिरडे ने समाज के सभी घटकों को विठ्ठल संप्रदाय वृहद समाज महासभा की विचारधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
छह माह में सभी राज्यों में संगठन विस्तार का लक्ष्य
राष्ट्रीय संगठन मंत्री लक्ष्मीकांत कश्यप ने बताया कि आगामी छह माह में देश के प्रत्येक राज्य में संगठनात्मक इकाइयों के गठन का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत श्री विठ्ठल संप्रदाय से जुड़े सभी खापों और जातियों को एक मंच पर लाने के लिए नामदेव समाज के लोगों को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश, जिला और तहसील स्तर पर संगठन का विस्तार कर संस्थापक एवं संरक्षक योगाचार्य के.एल. नामदेव के सपने को साकार करने का प्रयास किया जाएगा।
समाज की समस्याओं के समाधान में मातृशक्ति की भूमिका अहम
राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रेखा मुलेतकर (महाराष्ट्र) ने समाज के विकास में मातृशक्ति की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विलंब से विवाह और वैवाहिक संबंध विच्छेद जैसी सामाजिक समस्याओं के समाधान में महिलाओं की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने मातृशक्ति से संगठित होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। साथ ही भगवान श्री विठ्ठल, संत नामदेव और अन्य आराध्य संतों की नियमित पूजा-अर्चना के लिए भी प्रेरित किया।
देशभर से पहुंचे पदाधिकारी एवं समाजजन
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पत्रकार जगदीश नामदेव (ललितपुर), सुधर्मा बबन राव खोड़े, संत नामदेव एकात्मक संघ पंढरपुर के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल गचके, अरुण नामदेव, संतोष नामदेव (बिलासपुर), आज तक टीवी चैनल के प्रतिनिधि महेंद्र नामदेव (रायपुर), एन.पी. नामदेव, जे.के. नामदेव, सुरेश कुमार तोलम्बिया (दिल्ली), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अपूर्व, राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष सुशीला अपूर्व (किशनगढ़), राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर विजय कुमार वर्मा, प्रांतीय महिला संगठन मंत्री ममता वर्मा (मोयल), प्रधानाचार्य, एन.के. नामदेव (चूरू निवासी, बिलासपुर प्रवासी), मध्यप्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष नंदकिशोर नामदेव तथा कोषाध्यक्ष चंद्रप्रकाश नामदेव सहित विभिन्न राज्यों के प्रांतीय अध्यक्ष, महिला प्रभारी और कार्यकारिणी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर श्री नामदेव परिषद एवं श्री विठ्ठल संप्रदाय वृहद समाज महासभा के पदाधिकारियों ने बाहर से आए प्रतिनिधियों का शाल, श्रीफल और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और समाज की एकात्मक सोच के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने की शपथ ली।