आबिद रायपुर
आज दिनांक 30 जून 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय, रायपुर में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर आयोजित इस समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, राजपत्रित अधिकारियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के परिजन एवं परिवारजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले ने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस सेवा अनुशासन, समर्पण एवं जनसेवा का सर्वोत्तम माध्यम है तथा सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने संपूर्ण सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यशैली से विभाग की गरिमा को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं। उनका अनुभव एवं योगदान सदैव विभाग के लिए प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहेगा।
समारोह में सहायक उप निरीक्षक श्री गजाधर सिंह वनसे, प्रधान आरक्षक श्री बालेश्वर दास वैष्णव, श्री रोहित दास सुमेर, श्री सालिक राम वर्मा, श्री राजकुमार पाठक, श्री पुरुषोत्तम लाल साहू, श्री लाल बहादुर भगत, श्री राजेन्द्र पुरी गोस्वामी तथा आरक्षक श्री अनिल कुमार शर्मा एवं श्री चन्द्रभान भदौरिया को उनकी दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी पुलिस कमिश्नर डॉ. अर्चना झा, रक्षित निरीक्षक श्री अनीष सारथी, स्टेनो श्री सुरेश टंडन, मुख्य लिपिक श्री पी.सी.एस. यादव, सहायक उप निरीक्षक श्री दीपक निषाद सहित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
