मुख्यमंत्री निवास में सारंग हेलिकॉप्टर टीम के कैप्टन से की मुलाकात, सेंध लेक, नवा रायपुर में भव्य एयर शो देखने की अपील

रायपुर, 28 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। राज्योत्सव के दूसरे दिन, 2 नवंबर को नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में सारंग हेलिकॉप्टर टीम द्वारा भव्य एयर शो का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में सारंग हेलिकॉप्टर टीम के सभी कैप्टन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एयर शो को लेकर उत्साह जताते हुए प्रदेशवासियों से इसमें शामिल होने की अपील की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 1 नवंबर हमारे प्रदेश का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि 2 नवंबर को सारंग हेलिकॉप्टर एयर शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे 2 नवंबर को सेंध लेक, नवा रायपुर पहुंचकर इस भव्य एयर शो का आनंद लें और राज्योत्सव में अपनी सहभागिता निभाएं।