17 लाख रुपये का डकैती का सामान, वारदात में इस्तेमाल वाहन और अन्य सामग्री जब्त; गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
रायपुर, 27 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में पहले गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत के डकैती के सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल चारपहिया-दोपहिया वाहन और अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पहले संदीप नेताम, अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के दौरान अन्य फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इन पांच आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर सोनी उर्फ बुच्ची (31), रामा मरकाम उर्फ देवार (30), गोकुल यादव (21), संदीप नागरिया (24) और कृष्णा देवार (28) के रूप में हुई है। सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी समीर सोनी उर्फ बुच्ची के खिलाफ तेलीबांधा थाने में चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। रामा मरकाम के खिलाफ मंदिर हसौद थाने में चोरी का प्रकरण दर्ज रहा है। गोकुल यादव के खिलाफ तेलीबांधा और विधानसभा थाना क्षेत्रों में चोरी, बलवा और मारपीट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं, संदीप नागरिया के खिलाफ तेलीबांधा थाने में चोरी और आबकारी एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से संबंधित आरोपी पूर्व में जेल में भी निरुद्ध रह चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि इस डकैती प्रकरण में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पूछताछ तथा पतासाजी की जा रही है।
