रायपुर, 28 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 31 अक्टूबर से शुरू होगी। परीक्षा 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, इस भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर के 34 हजार 604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेश के सात शहरों में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। संचालनालय ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।
रायपुर और बिलासपुर में छह-छह परीक्षा केंद्र
भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में छह-छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दुर्ग और भिलाई में चार-चार, जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में एक, सरगुजा में एक तथा बस्तर जिले के जगदलपुर में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8.30 से 10.30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12.30 से 2.30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4.30 से 6.30 बजे तक होगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य है। पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 3 बजे से केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
100 अंकों का प्रश्नपत्र, गलत उत्तर पर निगेटिव मार्किंग
प्रयेक प्रश्नपत्र की अवधि दो घंटे होगी। परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और कुल 100 अंक निर्धारित हैं। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक काटा जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लेकर आने तथा उसमें दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। परीक्षा के बाद प्रश्नों के मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे।