रायपुर। राजधानी रायपुर में रक्षाबंधन के दूसरे दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक डिलीवरी बॉय की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय हेमंत कोठारी के रूप में हुई है, जो पेशे से डिलीवरी बॉय था। बताया जा रहा है कि हेमंत अपने काम से पार्सल छोड़ने निकला था, तभी उसकी बाइक की मामूली टक्कर एक युवक की गाड़ी से हो गई। इसी विवाद ने देखते-देखते इतनी भयावह शक्ल ले ली कि आरोपी ने उसकी छाती में चाकू घोंप दिया।
मामले की जानकारी देते हुए डीडी नगर थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि रविवार (9 अगस्त) की रात हेमंत कोठारी चंगोराभाठा इलाके में पार्सल डिलीवर करने के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी बाइक, आरोपी पप्पू यादव की बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। गुस्से में आकर आरोपी ने हेमंत के साथ मारपीट शुरू कर दी और फिर जेब से चाकू निकालकर उसके सीने पर वार कर दिया।
चाकू लगते ही हेमंत जमीन पर गिर पड़ा और उसके सीने से तेज़ी से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। लेकिन चोट गंभीर होने और खून अधिक बह जाने के कारण सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
हत्या के बाद आरोपी पप्पू यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
