नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और व्यापारिक संगठनों के सहयोग के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने जताया आभार
रायपुर। होली, गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा से लेकर धनतेरस और दीपावली तक रायपुर में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम रहा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के गठन के बाद पहली दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। अपेक्षा से अधिक भीड़ और बाजारों में नागरिकों की भारी आवाजाही के बावजूद पुलिस की मुस्तैदी एवं बेहतर प्रबंधन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही।
पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि प्रमुख त्योहारों के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना, गंभीर दुर्घटना अथवा बड़ी संपत्ति एवं शरीर संबंधी आपराधिक घटना की स्थिति निर्मित नहीं हुई। त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए काफी पहले से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। संभावित भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर रही नजर
त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। चाकूबाजी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा अवैध रूप से चाकू एवं अन्य हथियार रखने वालों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गुंडा-बदमाशों, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की लगातार चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। आवश्यकतानुसार वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई।
बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही सुचारू
धनतेरस एवं दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। लगातार पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और सतत निगरानी के जरिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई। संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई।
त्योहारी भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों एवं व्यापारियों के आवागमन को सुगम बनाया गया। महिला सुरक्षा एवं आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सतत उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यकतानुसार तत्काल दिशा-निर्देश देकर व्यवस्था को प्रभावी बनाया। त्योहारों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
सहयोग के लिए नागरिकों का आभार
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी पर्वों एवं आयोजनों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग देने वाले नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से शहर में सुरक्षा, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
