प्रदेश की सुख-समृद्धि, किसानों की उन्नति और खुशहाली की कामना

रायपुर, 9 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति में प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण के साथ सामूहिक सहयोग एवं एकजुटता का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का लोकपर्व गौरा-गौरी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व प्रदेश की माटी की परंपराओं, ग्रामीण जीवन और लोकसंस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। ऐसे पर्व सांस्कृतिक पहचान को सहेजने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी की कृपा से प्रदेश के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से भरे रहें, अन्नदाताओं के जीवन में समृद्धि आए तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे।