रायपुर।दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन के दौरान घर में प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गुढ़ियारी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने एक घंटे से भी कम समय में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.97 लाख रुपये का चोरी गया मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के नया मंगल बाजार निवासी प्रार्थिया ने दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी पूजन के दौरान अपने सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम पूजा घर में रखी थी। आस्था के चलते पूजा घर का दरवाजा खुला रखा गया था। इसी दौरान आरोपियों ने घर में प्रवेश कर पूजा घर में रखे कीमती आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली। घटना के समय प्रार्थिया के पति बाथरूम जाने के लिए उठे, तो उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी कर घर से निकलते हुए देखा।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 522/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में, एडीसीपी आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की टीम एवं एसीसीयू ने तत्काल पतासाजी शुरू की।
प्रार्थिया के पति द्वारा बताए गए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर आसपास के संदिग्धों की जांच एवं पूछताछ की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में घटना के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा 47 हजार रुपये नगद बरामद किए। कुल बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत 2.97 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी

  1. नयन राजपूत (24)पिता रामू ठाकुर, निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
  2. आर्यन चौहान (19) पिता हीरानंद चौहान, निवासी कलिंग नगर, वतन चिकन सेंटर के पास, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।पुलिस के मुताबिक, नयन राजपूत के खिलाफ चोरी, लूट एवं आर्म्स एक्ट के कुल चार मामले दर्ज हैं, जबकि आर्यन चौहान के खिलाफ लूट एवं आईटी एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।
    रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान घर में रखे कीमती आभूषण एवं नगदी सुरक्षित स्थान पर रखें और घर की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।