रायपुर, 10 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खेत-खलिहानों को धन-धान्य से परिपूर्ण रहने की मंगलकामना भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश देती है, जो आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति और समस्त जीव-जगत के संरक्षण के प्रति हमारी सांस्कृतिक चेतना की अभिव्यक्ति भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व का महत्व समझाती है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की पौराणिक कथा संकट के समय एकजुटता, परस्पर सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक परिवार सुखी और समृद्ध रहे, किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे पर्व सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।
