नदी के जल प्रवाह से संचालित टरबाइन पम्प से 80 एकड़ कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा

रायपुर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से एक अभिनव पहल की गई है। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना से बिना बिजली, डीजल, पेट्रोल अथवा सौर ऊर्जा के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को इस नवाचारी सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली।
लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से तैयार यह परियोजना सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली सिंचाई योजना है। इसके माध्यम से करीब 135 किसान परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
नदी के प्रवाह से संचालित होता है टरबाइन पम्प
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पम्पिंग योजना की विशेषता यह है कि इसमें नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पम्प संचालित किया जाता है। पूर्व निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर डाउनस्ट्रीम में प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पम्प स्थापित किया गया है। यह पम्प नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित 200 मीटर दूर निर्मित वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों एवं नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।
खेती की लागत घटाने में मिलेगी मददमुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसानों की समस्याओं का स्थायी एवं पर्यावरण अनुकूल समाधान प्रस्तुत करती है। इस तकनीक से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
वर्षभर खेती के अवसर बढ़ेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। पोंगरो की यह पहल दर्शाती है कि नवाचार को गांवों और खेतों तक पहुंचाकर कृषि विकास को नई गति दी जा सकती है। इससे वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी तथा किसानों को अतिरिक्त फसल लेने और कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।