रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर भारतीय टीम तक पहुंचना गीता की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी सफलता क्षेत्र की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं।
चीन को हराकर भारत ने जीता खिताब
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 13 सितंबर को खेले गए फाइनल में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता ने टूर्नामेंट में चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में उन्होंने दो गोल किए, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
बोड़ला से भारतीय टीम तक का सफर
गीता ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं।
गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर चर्चा
मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने गीता से उनकी खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। दोनों के बीच कवर्धा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। गीता ने अपनी खेल यात्रा के अनुभव और खिलाड़ियों की जरूरतों से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।