रायपुर। राजधानी रायपुर में परंपरा और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक गणेश उत्सव एवं भव्य गणेश विसर्जन झांकी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। गणेश स्थापना से लेकर विसर्जन तक करीब 15 दिनों के दौरान कोई बड़ी वारदात नहीं हुई। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक झांकियां विसर्जन में शामिल हुईं। पिछले वर्ष 62 झांकियों के मुकाबले इस बार 74 झांकियां निकलीं। पुलिस के अनुसार, विसर्जन झांकी में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।
दो माह पहले से शुरू हुई थी तैयारी
गणेश उत्सव को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने करीब दो माह पहले से ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी थी। थाना स्तर पर आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। अपराध रोकथाम के लिए आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, NDPS एक्ट, प्रतिबंधात्मक धाराओं और वारंट तामीली के तहत कार्रवाई की गई।
पूरे उत्सव के दौरान प्रतिदिन करीब 700 से 800 पुलिस अधिकारी और जवान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था संभालने में तैनात रहे। प्रमुख चौक-चौराहों, गणेश पंडालों, झांकी मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल लगाया गया।
यातायात पुलिस ने संभाला मोर्चा
झांकियों और श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की। प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त बल की तैनाती की गई। चेकिंग और निगरानी के दौरान 15 से अधिक चोरी के वाहन बरामद किए गए। वहीं, कई संदिग्धों को चाकू और अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ पकड़ा गया और संबंधित थानों को सौंपकर कार्रवाई कराई गई।
विसर्जन के दिन 50 से अधिक राजपत्रित अधिकारी तैनात
विसर्जन झांकी के दिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए 50 से अधिक राजपत्रित पुलिस अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की गई। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
पुलिस ने विसर्जन झांकी के दौरान संदिग्धों और आदतन अपराधियों पर विशेष नजर रखी। कार्रवाई के दौरान 22 से अधिक चाकू, 4 कैंची और पंच समेत अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं। इनके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने करीब 400 किलोग्राम यानी लगभग 6000 से अधिक कड़ा भी बरामद किया। इसके अलावा शराब की छोटी बोतलों के साथ कई लोगों को पकड़ा गया।
विसर्जन झांकी के दौरान 50 से अधिक लोगों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मोबाइल चोरी और पॉकेटमारी में संलिप्त कुछ आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़ा।
200 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम ने रखी नजर
अपराध नियंत्रण के लिए DCP क्राइम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच (ACCU) के साथ करीब 200 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई थी। टीम ने संदिग्धों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यकता के अनुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई की।
ड्रोन, ITMS और CCTV से निगरानी
गणेश उत्सव और विसर्जन झांकी के दौरान ड्रोन, ITMS, CCTV कैमरों समेत आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया गया। प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी गई। भीड़, यातायात दबाव और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी के आधार पर पुलिस एवं यातायात व्यवस्था को तत्काल व्यवस्थित किया गया।
समितियों और आम जनता के सहयोग से आयोजन शांतिपूर्ण
रायपुर पुलिस ने कहा कि गणेश स्थापना समितियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम नागरिकों का आयोजन के दौरान पूर्ण सहयोग मिला। पुलिस की अपील और निर्देशों को समितियों ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, पूर्व नियोजित सुरक्षा व्यवस्था, अपराधियों पर निगरानी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, पर्याप्त पुलिस बल, आधुनिक तकनीक, यातायात प्रबंधन और जनसहयोग के चलते गणेश स्थापना से विसर्जन तक कोई बड़ी वारदात नहीं हुई और गणेश विसर्जन झांकी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
