रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान के बाद कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता सामने आ गई है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से चुनाव आयोग तथा देश से माफी मांगने की मांग की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चुनाव आयोग ने अपने संयुक्त बयान में स्पष्ट किया है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सहित सभी प्रमुख निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना देश की संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास है। साय ने कांग्रेस पर झूठ, भ्रम और मनगढ़ंत कथाओं के जरिए संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि एक अंग्रेजी अखबार में कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखे पत्र को लेकर प्रकाशित रिपोर्ट को भी गलत तरीके से पेश किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, संबंधित पत्र किसी नीतिगत विषय या SIR से जुड़ा नहीं था, बल्कि सामान्य प्रशासनिक विषय से संबंधित था। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सीधे राष्ट्रपति के प्रति जिम्मेदार है।
साय ने कहा कि SIR और फॉर्म-6 के घोषणापत्र समेत कई मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले आ चुके हैं, इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई 2026 को SIR प्रक्रिया को कानूनी रूप से वैध ठहराया है।
चुनाव हारने पर संस्थाओं पर आरोप लगाने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जब चुनाव हारती है तो कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान के बाद कांग्रेस नेतृत्व को अपने आरोपों पर देश और संवैधानिक संस्थाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व में ईवीएम को लेकर दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के कई जनप्रतिनिधि इसी चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम के जरिए निर्वाचित हुए हैं। साय ने कहा कि जीत के समय चुनाव प्रक्रिया को स्वीकार करना और हार के बाद उसी प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
राहुल गांधी के पुराने बयानों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने राहुल गांधी के विदेश दौरों में भारत की संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका को लेकर दिए गए बयानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर राहुल गांधी के पूर्व बयानों पर भी आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लगातार देश और उसकी संस्थाओं की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाते रहे हैं।
साय ने कहा कि कांग्रेस को तथ्यों का सम्मान करना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस के रवैये को समझ रही है।
पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज और प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्राही सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
