रायपुर, 26 सितंबर 2026। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), छत्तीसगढ़ की ओर से 28 और 29 सितंबर को रायपुर के होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में एमएसएमई कॉन्क्लेव 2.0 का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव की थीम “नवाचार और सतत औद्योगिक विकास के माध्यम से एमएसएमई का सशक्तिकरण” रखी गई है। इसमें प्रदेशभर से नीति निर्माता, वरिष्ठ शासकीय अधिकारी, बैंकर, औद्योगिक संगठन, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्यमी शामिल होंगे।
28 सितंबर को होने वाले उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के अध्यक्षीय संबोधन और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के उद्घाटन संबोधन की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशेष संबोधन देंगे। इस दौरान सीएसआईडीसी द्वारा प्रदेश में रैम्प (RAMP) कार्यक्रम पर प्रस्तुति भी दी जाएगी।
सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष बजरंग गोयल ने बताया कि छत्तीसगढ़ को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी परियोजनाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में सप्लायर्स की जरूरत होगी। ऐसे में कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश के एमएसएमई को इन अवसरों के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में वित्त, तकनीक और व्यापार में सुगमता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
चार प्रमुख सत्रों में होगी चर्चा
कॉन्क्लेव के पहले दिन एमएसएमई वित्तपोषण, व्यापार में सुगमता, छोटे उद्योगों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग और एसएमई से बड़ी कंपनी बनने के सफर पर सीईओ राउंडटेबल समेत चार सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें वरिष्ठ शासकीय अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे।
29 सितंबर को एमएसएमई के लिए टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस (टीपीएम) और काइज़ेन विद एआई विषय पर व्यावहारिक शॉप-फ्लोर प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। यह सशुल्क प्रशिक्षण होगा, जिसमें प्रति प्रतिभागी शुल्क 2,000 रुपये + जीएसटी निर्धारित किया गया है।
सीआईआई छत्तीसगढ़ एमएसएमई पैनल के संयोजक आदित्य मूंदड़ा ने कहा कि कॉन्क्लेव को एमएसएमई से जुड़े व्यावहारिक सवालों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें समय पर ऋण उपलब्ध कराने, अनुपालन का बोझ कम करने और कम बजट में नई तकनीक अपनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। कॉन्क्लेव की प्रमुख सिफारिशों को संकलित कर राज्य सरकार और एमएसएमई मंत्रालय को सौंपा जाएगा।
