रायपुर। श्रद्धा विहार, बोरियाखुर्द में बिना अनुमति तेज आवाज में DJ बजाना एक युवक को महंगा पड़ गया। टिकरापारा पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण और कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ इस्तगासा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से एक नग साउंड सर्विस सिस्टम भी जब्त किया।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को सूचना मिली थी कि श्रद्धा विहार, बोरियाखुर्द में बिना अनुमति तेज आवाज में साउंड सर्विस/DJ बजाया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। सूचना पर टिकरापारा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दीपक सोनकर निर्धारित मानक से अधिक ध्वनि में साउंड सिस्टम बजाते पाया गया।
पुलिस ने आरोपी दीपक सोनकर (25), पिता रोहित सोनकर, निवासी घुंघवा जमराव, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग के खिलाफ थाना टिकरापारा में इस्तगासा क्रमांक 04/2026 के तहत धारा 4, 5 और 15 कोलाहल नियंत्रण अधिनियम में कार्रवाई की।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात 10 बजे के बाद DJ और लाउडस्पीकर बजाना प्रतिबंधित है। बिना अनुमति तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने पर कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।