आबिद रायपुर

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी की अंतर्कलह पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस चुनाव के बहाने कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई अब सतह पर आ गई है। यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का कोई नेता भूपेश बघेल का नेतृत्व स्वीकार करने को तैयार नहीं है और वे देवेंद्र यादव को आगे करके यह लड़ाई लड़ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि युवा कांग्रेस का जो चुनाव है, वह आज कांग्रेस की गुटबाजी की रणभूमि बन गया है। उन्होंने कहा अभी देवेंद्र यादव समर्थित प्रत्याशी रेफरल में सबसे आगे बताए जा रहे हैं, जबकि भूपेश बघेल जिस प्रत्याशियों का समर्थन कर रहे हैं, वे काफी पीछे हैं। कांग्रेस पार्टी में जिस प्रकार का परिदृश्य दिखाई दे रहा है, उससे स्पष्ट है कि अब भूपेश बघेल का वन मैन शो नहीं चलने वाला। पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत देवेंद्र यादव को आगे करके यह लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ दिन पहले देवेंद्र यादव ने पाटन में भूपेश बघेल की अनुपस्थिति में सदस्यता अभियान चलाकर पूर्व मुख्यमंत्री को खुली चुनौती दी थी । भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस में जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना है और टी.एस. सिंहदेव ने सार्वजनिक रूप से अपनी दावेदारी भी व्यक्त की है। इससे साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर गंभीर असंतोष है और युवा कांग्रेस का चुनाव उसी शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बन गया है।
अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की पूरी राजनीति आज जनहित के मुद्दों से हटकर आपसी वर्चस्व की लड़ाई में उलझ गई है। संगठन को मजबूत करने के बजाय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने-अपने समर्थकों की ताकत दिखाने में लगे हुए हैं। यही कारण है कि पार्टी के भीतर अलग-अलग शक्ति केंद्र बन चुके हैं और प्रत्येक गुट आगामी संगठनात्मक नियुक्तियों तथा प्रदेश नेतृत्व पर अपना प्रभाव स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने घर की लड़ाई सुलझानी चाहिए। जिस दल के नेता स्वयं एक-दूसरे के नेतृत्व पर भरोसा नहीं जता पा रहे हैं, वह प्रदेश की जनता का विश्वास कैसे जीत पाएगा? छत्तीसगढ़ की जनता देख रही है कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर असमंजस, गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन चरम पर है। आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के चयन और संगठनात्मक फेरबदल के दौरान यह अंतर्कलह और अधिक खुलकर सामने आएगी।
भाजपा प्रवक्ता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संगठन और सरकार के समन्वय के साथ प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। भाजपा का पूरा ध्यान जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने पर है, जबकि कांग्रेस का ध्यान केवल आंतरिक सत्ता संघर्ष तक सीमित होकर रह गया है। यही दोनों दलों की कार्यशैली और प्राथमिकताओं का सबसे बड़ा अंतर है।