शेख आबिद रायपुर
(विगत वर्ष की अपार सफलता के पश्चात इस वर्ष पुनः सनातन धर्मावलंबियों की 51 बेटियों का विवाह अग्रवाल समाज द्वारा संपन्न कराया जाएगा)
दिनांक: रविवार, 03 मई 2026
स्थानः वाल्मीकि हॉल, श्री राम मंदिर, वीआईपी चौक, रायपुर (छत्तीसगढ़)
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह इस वर्ष पुनः भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल एवं प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष की अभूतपूर्व सफलता के बाद इस वर्ष भी 51 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा।
यह आयोजन माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। निमंत्रण दें गए प्रतिनिधि मंडल को आप दोनों ने अपनी आने की सहर्ष सहमति प्रदान की है।
इस अवसर पर श्री सियाराम अग्रवाल, श्री गौरीशंकर अग्रवाल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, श्री राजेश अग्रवाल मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, श्री संपत अग्रवाल विधायक, श्री सत्यनारायण शर्मा पूर्व मंत्री, श्री मोतीलाल साहू विधायक, श्री जयदेव सिंघल श्री महेंद्र सेक्सरिया, श्री राजीव अग्रवाल सीएसआईडीसी के अध्यक्ष, श्री बृजलाल गोयल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। संस्था को इन सब की कार्यक्रम में आने की सहमति प्राप्त हो चुकी है।* सामाजिक समरसता का प्रतीक होगा यह आयोजन
कार्यक्रम के संयोजक शोभा केडिया, गुंजा सुल्तानिया, रमेश अग्रवाल एवं जयप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, एकता एवं सेवा भाव का प्रतीक है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह कराना एवं उन्हें सहयोग प्रदान करना है। यह आयोजन समाज के उन परिवारों के लिए एक सशक्त पहल है, जो अपनी बेटियों के विवाह को गरिमामय रूप से संपन्न करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हैं।
इस पावन अवसर पर विभिन्न समाज एवं वर्गों की 51 कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान, परंपरा एवं सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य न केवल कन्याओं को सम्मानपूर्वक विदा करना है, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और सामूहिकता की भावना को भी सुदृढ़ करना है।
