रायपुर।नागरिकों की सुरक्षा, सतर्कता और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नई जन-जागरूकता पहल ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ की शुरुआत की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बुधवार को इस अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत अब राजधानी के नागरिकों को प्रतिदिन सुबह सुप्रभात संदेश के साथ सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलेंगी।
‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ अभियान के माध्यम से पुलिस कमिश्नरेट प्रतिदिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स सहित अन्य माध्यमों से आम नागरिकों तक पहुंचेगा। संदेशों में अपराध की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सामान्य जन-सुरक्षा से संबंधित उपयोगी जानकारियां साझा की जाएंगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को दिन की शुरुआत से ही सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है।
साइबर ठगी से बचाव पर विशेष फोकस
अभियान के तहत बढ़ते ऑनलाइन वित्तीय फ्रॉड, ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए होने वाली ठगी से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। नागरिकों को डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसी तरह यातायात एवं सड़क सुरक्षा के संदेशों के जरिए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
महिला, वरिष्ठ नागरिक और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ श्रृंखला में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों को भी शामिल किया जाएगा। इसमें हेल्पलाइन नंबरों, आपातकालीन सहायता व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही नागरिकों को शहर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि समय रहते अपराधों पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस एवं नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल सबसे महत्वपूर्ण है। ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ पहल के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहने और दैनिक जीवन में सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सजग नागरिक ही सुरक्षित रायपुर की नींव हैं।
अभियान से जुड़ने पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया जगत से इस जनहितकारी अभियान से जुड़ने और जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की है। पुलिस का मानना है कि सामूहिक सहभागिता से नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सुरक्षित रायपुर के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
