रायपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं यातायात व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा सहित यातायात कमिश्नरेट के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों एवं व्यापारियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले और यातायात जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए समय रहते प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका कड़ाई से पालन कराया जाए।
बाजारों में अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती
पुलिस कमिश्नर ने प्रमुख बाजारों में भीड़ एवं वाहनों के दबाव के अनुसार पर्याप्त यातायात बल तैनात करने, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने तथा लगातार यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को दुकान के निर्धारित दायरे में ही सामान रखने और सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।
बाजारों के आसपास उपलब्ध पार्किंग स्थलों को चिन्हांकित कर ग्राहकों एवं व्यापारियों के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने तथा निर्धारित पार्किंग और नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन कराने कहा गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों एवं तिराहों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखने, ठेलों एवं अस्थायी दुकानों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित कराने तथा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
व्यापारी संघों से समन्वय, लगातार पेट्रोलिंग
पुलिस कमिश्नर ने बाजार क्षेत्रों के व्यापारियों एवं व्यापारी संघों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था में उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए। प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं चौक-चौराहों पर निरंतर पेट्रोलिंग और निगरानी कर यातायात बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई करने कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा दीपावली सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
चोरी के वाहन बरामद करने वाले 13 पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक के दौरान विगत माह यातायात व्यवस्था के संचालन एवं चेकिंग के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना की गई। यातायात पुलिस ने नियमित चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई के दौरान पांच अलग-अलग प्रकरणों में चोरी के वाहन बरामद किए तथा एक प्रकरण में आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले आरक्षक मोतीलाल लहरे, सैनिक अशोक शर्मा, आरक्षक डी. सीमांचल राव, आरक्षक गोविंद सोनी, सैनिक महेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण निषाद, प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार सोनवानी, आरक्षक गजे सिंह मरकाम, प्रधान आरक्षक बृजेश कुमार तिवारी, आरक्षक संदीप साहू, आरक्षक देवेंद्र पांडे एवं आरक्षक कृत राम साहू को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, सजगता एवं समर्पण से किया गया उत्कृष्ट कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने तथा नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
यातायात कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों एवं व्यापारियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।