रायपुर। साइबर जागृति एवं साइबर संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान में सहभागिता निभाते हुए साइबर जागृति सेल्फी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने साइबर अपराध मुक्त एवं सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए आमजन से पुलिस के अभियान में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी को आवश्यक बताया।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की नागरिकों से अपील
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से साइबर अपराधों से बचने के लिए सावधानी बरतने और सुरक्षित समाज बनाने का संकल्प लेने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी है—किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी शेयर न करें।किसी भी संदिग्ध एपीके लिंक पर क्लिक न करें। अनजान व्हाट्सऐप वीडियो कॉल रिसीव करने से बचें।
एटीएम पिन और आधार नंबर किसी के साथ साझा न करें।
सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक न करें। अपने अकाउंट और सोशल मीडिया के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें।केवल आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें।ऐप्स को केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
साइबर फ्रॉड होने पर 1930 पर करें कॉल
पुलिस ने अपील की है कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहें और सुरक्षित रहें।
