जशपुर। पुलिस परिवार के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की। एसएसपी ने विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ त्वरित गति से पूरा कराया और दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन उनके गृह ग्राम पहुंचकर पुत्र को नियुक्ति पत्र सौंपा।
शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर बंधाया ढांढस
एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। स्व. देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। उन्होंने अपने सेवाकाल में रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दी थीं।
दिवंगत आरक्षक के निधन के बाद एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके परिवार की स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अनुकंपा नियुक्ति की विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता से पूरा कराया।
23 सितंबर को तेरहवीं के अवसर पर एसएसपी स्वयं दिवंगत आरक्षक के परिवार से मिलने उनके गृह ग्राम पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का पत्र प्रदान किया।
बोले- जशपुर पुलिस परिवार हर मुश्किल में साथ खड़ा है
इस अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार को होने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ है। भविष्य में परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
