रायपुर। पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्र में लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और बिना नंबर की KTM बाइक समेत करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के दो वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर की सुबह पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में महामाई फैंसी स्टोर्स के पास दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और एक व्यक्ति का रास्ता रोककर डराया-धमकाया। इसके बाद उसकी फूलपेंट की जेब में रखे 2 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में पुरानी बस्ती थाने में अपराध क्रमांक 468/26 के तहत धारा 309(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
इसी दिन सुबह टिकरापारा थाना क्षेत्र के मठपारा स्थित दुर्गा चौक के पास छह अज्ञात आरोपियों ने एक व्यक्ति को चाकू दिखाकर उसका मोबाइल फोन और 1,900 रुपये नकद लूट लिए थे। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 865/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपियों के हुलिए, वाहनों और वारदात के तरीके के आधार पर पूर्व में लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी, डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू, रितेश विश्वास, भवम साहू, सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी बस्ती क्षेत्र की लूट की वारदात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में टिकरापारा क्षेत्र में भी इसी तरीके से लूट करने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य लूट और आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक्टिवा क्रमांक CG 04 LH 5812 और बिना नंबर की KTM बाइक, कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये, जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी (21), निवासी यादव मोहल्ला, नूतन स्कूल के पास, टिकरापारा।
डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू (19), निवासी साहू मोहल्ला, दाउ किराना स्टोर्स के पास, टिकरापारा।
रितेश विश्वास (32), निवासी नंदी चौक, साहू गली, टिकरापारा।
भवम साहू (21), निवासी साहू मोहल्ला, हनुमान मंदिर के पास, टिकरापारा।
सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन (19), निवासी नंदी चौक, साहू मोहल्ला, टिकरापारा।
विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी पूर्व में कोतवाली थाने के हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। वहीं डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू भी टिकरापारा थाने के एक मामले में जेल जा चुका है।
