रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवारजनों के साथ विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाज से गणपति की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान गणेश से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की आराधना से करने की प्राचीन परंपरा रही है। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने वाला उत्सव भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष महत्व है। ये पर्व लोगों को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ परिवार और समाज को भी एक सूत्र में पिरोते हैं। गणेशोत्सव का उल्लास भी सामूहिकता, सद्भाव और लोकमंगल की भावना को मजबूत करता है।
गणेश स्थापना के अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।