रायपुर। साइबर अपराधों से बचाव और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ‘साइबर संकल्प’ डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता वीडियो कोर्स शुरू किया है। इस वीडियो कोर्स का शुभारंभ शनिवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सभागृह में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने किया।
यह पहल पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला की अभिनव पहल के तहत शुरू की गई है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, गुप्तवार्ता अमित कुमार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस महानिरीक्षक प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले, विश्वविद्यालय के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल, रजिस्ट्रार डॉ. शैलेन्द्र पटेल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
9 मॉड्यूल में समझाई डिजिटल सुरक्षा
‘साइबर संकल्प’ कोर्स को मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट के नए उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखते हुए सरल और व्यवहारिक भाषा में तैयार किया गया है। इसमें कुल 9 छोटे और उपयोगी मॉड्यूल शामिल हैं। इनमें पासवर्ड सुरक्षा, मोबाइल सुरक्षा, ऑनलाइन भुगतान में सावधानी, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, मोबाइल एवं सिस्टम अपडेट रखना, सुरक्षित एप का उपयोग, प्राइवेसी की सुरक्षा, सोशल मीडिया की समझ और सुरक्षित ब्राउजिंग जैसे विषय शामिल हैं।
प्रत्येक वीडियो के बाद छोटे-छोटे सवालों के जरिए उपयोगकर्ता अपनी समझ भी परख सकेंगे। इससे साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी को बेहतर ढंग से समझने और व्यवहार में अपनाने में मदद मिलेगी।
लिंक और QR कोड से कर सकेंगे एक्सेस
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, ‘साइबर संकल्प’ वीडियो कोर्स को उपलब्ध कराए गए लिंक अथवा QR कोड के माध्यम से आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़कर साइबर अपराधों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यह कोर्स पूरा करें और अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने, OTP और पासवर्ड साझा करने तथा अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान करने से बचने की सलाह दी है।
रायपुर पुलिस ने संदेश दिया कि तकनीकी जानकारी, सही समझ और सतर्कता ही सुरक्षित डिजिटल भविष्य की मजबूत ढाल है।