रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब का इस वर्ष का गणेशोत्सव विशेष थीम पर आयोजित किया जाएगा। गणेशोत्सव के दौरान प्रेस क्लब परिसर को हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली यात्रा के अनुरूप सजाया जाएगा। पंडाल में पत्रकारिता के शुरुआती दौर से लेकर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और वर्तमान डिजिटल एवं न्यू मीडिया तक के सफर को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
गणेशोत्सव की तैयारियों को लेकर रायपुर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेशोत्सव को भव्य और गरिमापूर्ण स्वरूप देने का निर्णय लिया गया। प्रेस क्लब परिसर में भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उत्सव के दौरान प्रतिदिन भक्तिमय वातावरण में पूजा-अर्चना और आराधना की जाएगी।
प्रेस क्लब के विभिन्न प्रकोष्ठों को अलग-अलग दिवस पर भगवान श्रीगणेश की पूजा, सेवा और आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वहीं महिला पत्रकारों की विशेष सहभागिता सुनिश्चित करते हुए एक दिन विशेष भोग एवं प्रसाद का आयोजन भी किया जाएगा।
पत्रकारिता की विरासत से जुड़ेगा गणेशोत्सव
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि वर्ष 2026 हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर है। रायपुर प्रेस क्लब इस गौरवशाली यात्रा को पूरे वर्ष विभिन्न आयोजनों के माध्यम से सेलिब्रेट कर रहा है। गणेशोत्सव भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, विवेक और शुभारंभ के प्रतीक हैं, जबकि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने, सत्य को सामने लाने और लोकतंत्र को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे में इस वर्ष गणेशोत्सव को पत्रकारिता की गौरवशाली विरासत से जोड़ते हुए प्रेस क्लब परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
तिवारी ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का उत्सव नहीं होगा, बल्कि प्रेस क्लब परिवार की एकजुटता, धार्मिक परंपरा और पत्रकारिता की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी बनेगा। पंडाल में पत्रकारिता के 200 वर्षों के सफर की झलक लोगों को देखने को मिलेगी।
बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, अंशुमान शर्मा, जाकिर घुडसेना, चंदन साहू, संतोष साहू, नीरज मिश्रा और संजीव सिन्हा उपस्थित रहे।