रायपुर, 25 सितंबर 2026। शहर में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में रायपुर पुलिस ने नई सुविधाओं की शुरुआत की है। यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक मीटिंग रूम ‘संकल्प सभागृह’ और तीन सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) यातायात कार्यालयों का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने फीता काटकर इन सुविधाओं का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘संकल्प सभागृह’ सहित नवनिर्मित एसीपी कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों का जायजा लिया।
यातायात व्यवस्था की होगी बेहतर मॉनिटरिंग
‘संकल्प सभागृह’ को अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम और डिजिटल कनेक्टिविटी से लैस किया गया है। इसका उपयोग यातायात व्यवस्था की दैनिक समीक्षा, आपातकालीन रणनीति तैयार करने, वीआईपी मूवमेंट की ब्रीफिंग और पुलिस बल के प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। इसे यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
3 नए एसीपी कार्यालय स्थापित
प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में दो एसीपी कार्यालय, जबकि एक एसीपी कार्यालय ITMS परिसर में स्थापित किया गया है। इन कार्यालयों से फील्ड ऑपरेशंस की निगरानी, त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया और यातायात से संबंधित जनसमस्याओं के निराकरण में तेजी आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ टीम भावना और त्वरित संवाद को भी मजबूत करता है।